कांकेर जिला (उत्तर बस्तर)

परेशानी:सड़क की स्थाई मरम्मत करने की जगह गड्‌ढे पाटने डाल रहे मिट्‌टी, हादसों को दे रहे न्योता

  • लगातार हो रहे हादसों को रोकने लोगों ने जल्द सड़क की मरम्मत करने की मांग की

शहर के बीच से गुजरने वाली नेशनल हाईवे सड़क में बड़े-बड़े गड्‌ढे हो गए थे। मरम्मत के नाम पर गड्‌ढों को मिट्‌टी व डस्ट डालकर पाट दिया गया। बारिश होते ही मिट्‌टी व डस्ट बह गई। इससे सड़कों में कीचड़ का आलम है। बारिश रूकने के बाद धूप निकलते ही कीचड़ सूखने से वाहनों के चलने पर सड़कों पर धूल का गुबार बनकर उड़ रहा है। साथ ही सड़कों पर वापस गड्ढे नजर आ रहे हैं। ये गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। कांकेर में ग्राम माकड़ी से सिंगारभाठ तक नेशनल हाईवे सड़क की स्थिति काफी खराब है।

सड़क में बड़ी संख्या में गड्‌ढे हो गए हैं। कांकेर जिला जेल से लेकर सिंगाभाठ तक तो सड़क में बड़े-बड़े आकर के गड्‌ढे हो चुके हैं। इस वर्ष जनवरी माह में सड़क मरम्मत काम ग्राम माकड़ी से लेकर सिंगारभाठ तक कराया गया था। काम की गुणवत्ता खराब होने का यह साक्षात प्रमाण है कि पहली बारिश भी सड़क नहीं झेल पाई। इस वर्ष शहर में औसत के मुकाबले कम बारिश हुई है तब सड़क का ये हाल है।

अगर अच्छी बारिश होती तो सड़क का हाल और भी बुरा होता। सड़क पर जब गड्‌ढे हो गए तो विभाग ने मिट्‌टी तथा डस्ट डालकर गड्‌ढों को पाटा, लेकिन मरम्मत के बाद भी पहली बारिश होते ही बह गया।

सड़क किनारे की नालियां पट गई : सिंगारभाठ में नेशनल हाईवे सड़क में पहाड़ी की ओर से पानी आता है। यहां बारिश के पानी की निकासी के लिए नाली जरूर बनाई गई है जो जगह जगह पट गई है। लोगों ने अपने आवागमन की सुविधा के लिए नाली ही पाट दी है। नाली पटने से सड़क में ही पानी जमा हो रहा है।

माहुरबंदपारा चर्च के सामने जमा हो रहा पानी : शहर के माहुरबंदपारा वार्ड में भी चर्च के सामने पानी जमा हो रहा है। गोविदपुर से नंदनमारा के बीच तो इतने ज्यादा गड्ढे हो गए हैं कि बारिश के दौरान पानी भरे होने पर गड्‌ढे नजर नहीं आते जो हादसों का कारण बन रहे हैं।

सड़कों की स्थाई मरम्मत की जरूरत
ग्राम सिंगारभाठ के शिवभान सिंह ठाकुर ने कहा सड़क की मरम्मत मिट्‌टी, डस्ट से नहीं कर गिट्‌टी तथा डामर से करना चाहिए। सिंगारभाठ के तौफिक खान, गढ़पिछवाड़ी के प्रवीण पटेल, नंदनमारा के भक्तु पटेल, गंगाराम पटेल ने कहा ग्राम नंदनमारा से सिंगारभाठ तक सड़क की स्थिति काफी ज्यादा खराब है। सड़क की स्थाई मरम्मत होना जरूरी है।

लगातार हो रहे हादसे
सिंगारभाठ नेशनल हाईवे में 2 सितंबर को बुजुर्ग दिव्यांग गड्‌ढे में गिरने से चोट लग गई। एक युवक बाइक से कांकेर की ओर जा रहा था गिरकर घायल हो गया। 15 दिन पहले बाइक सवार युवक-युवती ग्राम सिंगारभाठ में बाइक से गिरकर घायल हो गए। फरवरी माह में माहुरबंदपारा चर्च के सामने गड्‌ढे के कारण हादसा होने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। गत वर्ष अगस्त माह में गड्‌ढे की वजह से आटो पलट गया था।

Related Articles

Back to top button