ग्रामीणों के शोर से युवक को छोड़ भागा हाथी:हाथी के हमले में युवक गंभीर, पर जान बची

शुक्रवार देर शाम धरमजयगढ़ वन मंडल के क्रोंधा गांव में हाथी के हमले में एक युवक बुरी तरह जख्मी हो गया । हमले के बाद युवक ने शोर मचाया, उसे सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे और शोर मचाकर हाथी को भगाया। बाद में एंबुलेंस बुलाकर युवक को धरमजयगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया यहां से उसे मेकाहारा रिफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक शेखर राठिया नाम का ग्रामीण भोजने के बाद खेत की तरफ गया था। इसी दौरान हाथी सामने आ गया। हाथी ने युवक को लात मारी, शेखर गिर पड़ा लेकिन आसपास में ग्रामीण मौजूद थे। उन्होंने युवक की चीख सुनी और बाहर निकले, शोर मचाकर हमलावर हाथी को खदेड़ा। थोड़ी देर भी होती तो शेखर का बचना मुश्किल होता। खेती के सीजन में ग्रामीणों की जंगल में आवाजाही बढ़ जाती है, वहीं भोजन की तलाश में विचर रहे हाथियों की आमद बढ़ने से दोनों के बीच संघर्ष जारी है । वन मंडल में 70 से ज्यादा हाथी अलग-अलग इलाके में विचरण कर रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक युवक को सीने में चोट लगी है।
मस्ती में गुजरे हाथी रोका गया यातायात
शनिवार को शाम 4.30 बजे लैलूंगा से घरघोड़ा मुख्यमार्ग पर ग्राम सोहनपुर के पास 7-8 हाथियों का दल अपनी मस्ती में हाइवे पार करता दिखा। लोग हाथियों के गुजरने का इंतजार करते रहे। बताया गया है कि इस झुंड में एक नर, तीन मादा और तीन शावक हैं। वन विभाग को हाथियों के मूवमेंट का पता है, दोपहर को सूचना मिलने के कारण रोड पर ट्रैफिक रोक दिया गया था। वन विभाग लैलूंगा के अनुमान के अनुसार हाथी दल का अगला मूवमेंट सागरपाली तिलाइदरहा है। इस इलाके में जनहानि की सूचना नहीं है।



