एक और बच्चे ने किया सुसाइड:12 साल के बच्चे ने फांसी लगा कर दी जान, शनिवार को भी एक बच्चे ने किया था सुसाइड, नशे के आदि थे दोनों बच्चे, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर में एक बार फिर एक बच्चे ने सुसाइड कर लिया है। इस बार सरकंडा स्थित चांटीडीह सब्जी मंडी में 12 साल के बच्चे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चे ने इस तरह का आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसको लेकर पुलिस अपनी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार बच्चा नशे का आदि था।
सरकंडा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि चांटीडीह सब्जी मंडी के पास करबला कुम्हारपारा निवासी 12 वर्षीय गोपाल का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। इस पर पुलिस की टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है। जिसके बाद उनके आने पर शव फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मामले में पूछताछ चल रही है। जानकारी के अनुसार बच्चा घर वालों से किसी बात को लेकर नाराज चल रहा था। आज सुबह से ही वह अपने घर से किसी को कुछ बताए बिना निकल गया था।
शनिवार को भी मिला था फांसी पर झूलता बच्चे का शव
यह कोई पहली घटना नहीं है इससे पहले शनिवार की सुबह भी सालों से बंद पड़े दाल मिल में एक 12 साल के बच्चे फांसी पर झूलता हुआ शव मिला था। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में बच्चे नशे के आदि थे। इसके साथ ही दोनों मृतक बच्चे कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले है। पुलिस पता लगा रही है कि कही यह दोनों मामले एक दूसरे से जुड़े हुए तो नही है।



