अभियान:कलेक्टर ने देवगुड़ी में दिलाई सतरंगी सूत्रों की शपथ, सुपोषण के लिए किया जागरूक

- गमावाड़ा में बनी जिले की पहली मॉडल देवगुड़ी पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों से की चर्चा
दंतेवाड़ा के गांवों में सतरंगी सूत्रों का संकल्प दिलाकर उसे पूरा कराने कलेक्टर दीपक सोनी खुद गांवों में पहुंच रहे हैं। शनिवार को वे गमावाड़ा गांव में बनी जिले की पहली मॉडल देवगुड़ी पहुंचे। यहां ग्रामीणों के बीच बैठकर चर्चा की। ग्रामीणों को सतरंगी सूत्रों की शपथ दिलाई।
कलेक्टर ने कहा कि जिस तरह गांव में मॉडल देवगुड़ी बनाकर नाम रोशन किया है, उसी तरह सभी एक जुट होकर सतरंगी सूत्रों का पालन कर फिर से मॉडल बनाएं। यह तब संभव होगा जब आप सभी संकल्प लेने के साथ जुटकर काम करेंगे। ग्रामीणों ने भी कलेक्टर को भरोसा दिलाया कि वे इस काम को ज़रूर पूरा करेंगे।
इसके बाद यहां की बापियों के साथ कलेक्टर खुद गर्भवती महिला के घर पहुंचे। गर्भवती महिला से मुलाकात कर उन्हें सुपोषित व उचित आहार, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और अन्य बातों की समझाइश दी। कलेक्टर के आने पर महिला व उनके परिजनों काफी खुश हुए व कहा कि वे सभी समझाइश का पालन जरूर करेंगे।
इस तरह मिलेंगे अंक: प्रथम स्थान 100-91 अंक के बीच हरा रंग, द्वितीय स्थान 90-75 अंक के बीच पीला रंग तथा तृतीय स्थान 75 अंक से नीचे प्रदर्शन रहने पर सफेद रंग से चिह्नांकित किया जायेगा। सूचकांकों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पंचायत को जिला प्रशासन की तरफ से हर कार्य में प्राथमिकता दी जाएगी।
ये हैं 7 सतरंगी सूत्र: सतरंगी सूत्रों में गंदगी मुक्त पंचायत, सुपोषित पंचायत, एनीमिया मुक्त पंचायत, मलेरिया मुक्त पंचायत, शत-प्रतिशत शिक्षित पंचायत, शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव, सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण शामिल किया गया है। जिले के 143 ग्राम पंचायतों में देवगुड़ी का निर्माण हो रहा है। जिसमें प्रत्येक देवगुड़ी में सात सूत्रों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों का श्रेणीकरण किया जाएगा।
गढ़बो नवा दंतेवाड़ा का सपना होगा साकार
कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पंचायत को हर काम में प्राथमिकता दी जाएगी। जिससे कम श्रेणी प्राप्त करने वाले पंचायत में भी सूचकांकों की प्राप्ति हेतु अच्छा प्रदर्शन करने की जिज्ञासा उत्पन्न होगी। ग्राम पंचायतों में ही आपस में श्रेष्ठता प्राप्त करने हेतु प्रतिस्पर्धा का वातावरण निर्मित होगा। जिससे इन सूचकांकों में हमारा जिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा। हमारा जिला स्वच्छता, स्वास्थ्य में समृद्धशाली बन सकेगा व गढ़बो नवा दंतेवाड़ा का संकल्प साकार हो सकेगा।



