जिला बनाने को लेकर चलाएंगे मुहिम:धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल को लेकर रणनीति बनाने सर्व समाज की बुलाएंगे बैठक

धर्मनगरी को जिला बनाने की मांग को लेकर आंदोलन की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपने के बाद नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष अमित छाबड़ा ने आगामी दिनों में होने वाले कवायद को लेकर जानकारी साझा की है।
शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा शहर मंडल के अध्यक्ष अमित जैन ने कहा कि राजनांदगांव जिले में सबसे बड़ा शहर डोंगरगढ़ है और पर्यटन क्षेत्र होने से जिला बनाना उपयुक्त होगा। क्योंकि विकास व सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए डोंगरगढ़ को जिला बनाना आवश्यक है। प्रदेश सरकार की मंशा है कि छत्तीसगढ़ में 36 जिले हो। इसमें राजनांदगांव जिले से डोंगरगढ़ हर तथ्यों में खरा उतरेगा। मां बम्लेश्वरी देवी के अलावा अन्य धर्मों के लोग तीर्थ दर्शन के लिए साल भर आते हैं। इसलिए मां बम्लेश्वरी के नाम से जिला बनाया जाए। नेता प्रतिपक्ष अमित छाबड़ा ने बताया कि ज्ञापन सौंपने के बाद शहर में हस्ताक्षर अभियान चलाकर राज्यपाल के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिसके बाद सर्व समाज की बैठक बुलाकर आगामी रणनीति तय की जाएगी। धरना-प्रदर्शन व भूख हड़ताल करने की बात उन्होंने कही।
शहर का विकास ठप दबाव में कार्रवाई नहीं कर रहे हैं अफसर
पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष छाबड़ा ने शहर विकास को लेकर भी अपनी बात रखी। सड़क निर्माण को लेकर विपक्ष ने आवाज उठाया तभी ठेकेदार को अतिरिक्त भुगतान नहीं हुआ और भ्रष्टाचार सामने आया। वहीं राज्य सरकार से फंड नहीं आने की वजह से निर्माण अधूरा है। हॉस्पिटल को शहर से बाहर न बनाने, रेलवे अंडरब्रिज को दोबारा चालू कराने, हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण, मुख्यमंत्री पालिका बाजार के लिए पहल नहीं करने आदि समस्याओं को रखा। विपक्ष भ्रष्टाचार को उजागर कर रही है, लेकिन सत्ता के दबाव में अफसर कार्रवाई नहीं कर रहे।



