5 लाख का इनामी नक्सली ने किया सरेंडर:कलेक्टोरेट में रेकी कर चुके नक्सली ने किया सरेंडर, एसपी ने भी की थी अपील

- नक्सली पर 5 लाख का था इनाम, 10 माह पहले कलेक्टोरेट में की थी रेकी
कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य , मिलिशिया कमांडर इन चीफ 5 लाख रुपए के इनामी नक्सली बुधरा ने पुलिस व सीआरपीएफ़ अफसरों के सामने हथियार डाल दिया है। बुधरा के सरेंडर करने की सुगबुगाहट काफी समय से चल रही थी। परिजन भी लगातार सरेंडर की अपील कर ही रहे थे।
इस बीच बुधरा गुरुवार को पुलिस के सामने पहुंच सरेंडर किया है। बुधरा वही है जो करीब 10 महीने पहले कलेक्टोरेट व एसडीएम कार्यालय तक पहुंच अफसरों की रेकी करने आया था। डीआरजी की टीम ने घेराबंदी की तब तक भाग चुका था। इस खबर के बाद जिलेभर में दहशत व काफी हड़कंप मच गया था। यहां सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि बुधरा कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। कटेकल्याण इलाके का बड़ा नक्सली भी रहा है। इसके सरेंडर का फायदा मिलेगा।
कटेकल्याण एरिया कमेटी पड़ी कमज़ोर: नक्सलियों के सरेंडर के बाद कटेकल्याण एरिया कमेटी लगातार कमज़ोर पड़ रही थी। अब बुधरा के सरेंडर के बाद इस एरिया कमेटी को भी बड़ा असर पड़ेगा। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि कटेकल्याण एरिया कमेटी कमज़ोर पड़ गई है।
इन नक्सलियों ने भी किया सरेंडर
ज़िले के बारसूर थाना क्षेत्र में भी 3 नक्सलियों ने गुरुवार को पुलिस व सीआरपीएफ़ अफसरों सामने सरेंडर किया है। इनमें सीएनएम अध्यक्ष एक लाख का इनामी नक्सली मनकी अलामी, नक्सली सदस्य सुंदर पदामी व बोटी मंडावी शामिल हैं।
मां और पत्नी ने भी की थी सरेंडर की अपील
बुधरा की मां दुले व पत्नी भी लगातार सरेंडर करने अपील कर रही थी। दुले ने कहा था कि बीमार रहती हूँ अब मेरी तरफ देख और आकर सरेंडर कर दे। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव भी मार्च 2020 को बुधरा के घर पखनाचुआ गांव गए थे। नक्सली बुधरा के परिवार को सामान बांटा था व सरेंडर कराने सहयोग की अपील की थी। यह पहला मौका था जब किसी नक्सली के घर एसपी खुद पहुंचे थे। सरेंडर की भनक लगने पर नक्सली इसे सुकमा की ओर भेज दिए थे।



