मोबाइल मेडिकल यूनिट का लाभ:25 दिनों में लगाए 80 कैंप, 750 से ज्यादा मरीजों का इलाज

जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिट अंदरूनी व पहुंचविहीन इलाकों के गांव के लिए वरदान साबित हाे रही है। विभिन्न संसाधनों व दवाइयों से लैस इस वाहन के स्टाफ अब गांव में घरों तक पहुंच ग्रामीणों का इलाज कर रहे हैं। घर पहुंच स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से ग्रामीण भी काफी खुश नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही टीम हाट बाजारों में कैंप लगा कर ग्रामीणों का इलाज कर रहे हैं।
जिले में मोबाइल मेडिकल टीम अंतागढ़ द्वारा एक माह में ही 25 दिन इलाके के अलग अलग 60 से 80 गांवों में कैंप लगाकर 750 से अधिक ग्रामीणों का इलाज किया। उनकी जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाई दी। इस दौरान 4 हजार से अधिक ग्रामीणों का कोरोना टेस्ट भी किया गया।
नक्सल क्षेत्र में दे रहे सेवा
जहां मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम पहुंच रही है उनमें कई जगह नक्सल प्रभावित है। यहां पहुंचने यूनिट के सदस्यों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। लेकिन हौसला खोए बिना ही चुनौतियों का सामना कर वहां के ग्रामीणों को अपनी सेवाएं दे रहे हैं।



