जशपुर जिला

निर्माण की प्रगति की समीक्षा:मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जिले के अधिकारियों से चर्चा

मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने विगत दिवस मंत्रालय महानदी भवन से समस्त कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वन-कृषि, आदिवासी विकास, जल संसाधन और सहकारिता विभाग के अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। इस मौके पर मुख्य रूप से खाद की उपलब्धता एवं वितरण, बांधों में जल भराव की स्थिति और जल आबंटन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था के केन्द्र देवगुड़ी-घोटुल के उन्नयन, आजीविका केन्द्र के रूप में गौठानों का निर्माण, राजस्व प्रकरणों के निराकरण और राम वन गमन पथ के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि खाद की कालाबाजारी करने वाले विक्रेताओं के ऊपर कड़ी कार्यवाही की जाए। जिलों में उपलब्ध सभी प्रकार की खाद का वितरण आवश्यकतानुसार किए जाए। समितियों से यह जानकारी एकत्रित की जाए कि उनके समिति क्षेत्र के किसानों को तत्काल में किस खाद की आवश्यकता है, उसके अनुसार खाद की आपूर्ति की व्यवस्था तत्काल कर दी जाए। जैन ने रायपुर एवं दुर्ग संभाग के किसानों के लिए जरूरत के हिसाब से सिंचाई के लिए पानी छोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के बांधों में जल भराव की स्थिति को देखते हुए सिंचाई के लिए पानी समय-समय पर छोड़ा जाए। राज्य के आदिवासी क्षेत्रों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था के केन्द्र के रूप में स्थापित देवगुड़ी-घोटुल स्थल का उन्नयन किया जाना है। इसके लिए जरूरी अधोसंरचनाओं के निर्माण का प्रस्ताव 30 अगस्त तक राज्य शासन को भेजने के निर्देश कलेक्टरों को दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button